फंदे से लटका मिला युवक का शव ,पुलिस व फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

 


बहराइच, 07 जून (हि.स.)। पयागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शिवदहा पिपरा कमाल में रविवार को एक युवक ने फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक ने अपने ही घर के एक कमरे में घटना को अंजाम दिया। जानकारी मिलते ही पयागपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पंचायत नामा भरकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान बृजेश के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रविवार दोपहर लगभग तीन बजे बृजेश गांव में अपने पुराने घर की दूसरे फ्लोर पर बने कमरे में गया था, काफी समय बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिन्ता हुई। परिवारीजन जब कमरे में पहुँचे तो वह फंदे से झूलता मिला। घटना की सूचना होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पयागपुर पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

थानाध्यक्ष पयागपुर दीपक सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। मामले की गम्भीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को मौके पर साक्ष्य संकलन हेतु लगाया गया है। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य सामग्री इकट्ठा की है। विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA