पेड़ से लटके मिले युवक-महिला के शव
कानपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र के सुबौली गांव के पास रेलवे लाइन किनारे शनिवार को एक खेत में पेड़ से युवक और महिला का शव लटके मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य और तस्वीरें जुटाईं।
घटनास्थल से एक पॉलिथीन मिली, जिसमें बाइक की चाबी, महिला का आधार कार्ड और कीपैड मोबाइल फोन रखा था। मोबाइल में सिम नहीं था। पॉलिथीन से 4200 रुपये और युवक की पैंट से 200 रुपये भी मिले। आधार कार्ड के आधार पर पुलिस ने महिला के परिजनों से संपर्क किया। परिजनों ने उसकी पहचान मालती (27) निवासी उन्नाव के रूप में की।
परिजनों के अनुसार मालती की करीब आठ वर्ष पहले शादी हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। वह तीन दिन से घर से लापता थी। पुलिस की जांच में युवक की पहचान ओम के रूप में सामने आई है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली है। हालांकि दोनों की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि सुबौली गांव से करीब एक किलोमीटर दूर रेलवे लाइन के पास पेड़ पर महिला और पुरुष के शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पहचान के प्रयास शुरू किए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवक के परिजनों से संपर्क करने के साथ ही घटनास्थल से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप