महोबा : निषादराज बोट सब्सिडी योजना के लिए फिर खुले ऑनलाइन आवेदन,24 जुलाई तक कर सकते हैं अप्लाई

 


महोबा, 08 जुलाई (हि.स.)। बुंदेलखंड के मत्स्य पालकों और निषाद समुदाय के लोगों के लिए अच्छी खबर है। मत्स्य विभाग की ओर से संचालित निषादराज बोट सब्सिडी योजना में आवेदन के लिए पोर्टल को फिर से खोल दिया गया है। इच्छुक लोग 9 जुलाई से 24 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पूर्व में निरस्त या प्रतीक्षारत आवेदन पुनः किया जा सकता हैं।

जिला मत्स्य विभाग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना, सघन मत्स्य पालन के लिए एयरेशन सिस्टम की स्थापना योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। जिसके लिए विभागीय पोर्टल `पूर्व में 8 जून से 28 जिन तक खुला था। अब निषादराज बोट सब्सिडी योजना में अधिक लोगों को लाभ देने के लिए इसे दोबारा खोला जा रहा है। योजना से जुड़ी परियोजना का विवरण, इकाई लागत, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी विभागीय वेबसाइट http://fisheries.up.gov.in पर उपलब्ध है।

कार्यकारी अधिकारी के अनुसार, जो आवेदक पूर्व के वर्षों में निरस्त या प्रतीक्षारत थे, वे भी पुनः आवेदन कर सकते हैं। योजना की विस्तार से जानकारी के लिए चरखारी स्थित मत्स्य विभाग के जनपदीय कार्यालय और जनपद मुख्यालय स्थित विकास भवन कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी