पुरस्कार से व्यक्ति के जीवन आता है उत्साह, मिलती है गति : न्यायमूर्ति शेखर यादव

 


-ज्वाला देवी गंगापुरी में हुआ बोर्ड परीक्षा प्रतिभा अलंकरण समारोह

प्रयागराज, 07 मई (हि.स)। प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) शिक्षा प्रसार समिति द्वारा गंगापुरी रसूलाबाद में संचालित ज्वाला देवी स.वि.इ.का. में गुरूवार को बोर्ड परीक्षा मेधावी सम्मान समारोह हुआ। जिसमें जिले तथा विद्यालय की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले 24 भैया बहनों का सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति डॉ. शेखर कुमार यादव (उच्च न्यायालय, इलाहाबाद) ने कहा कि आज इस प्रतिभा अलंकरण समारोह में पुरस्कार प्राप्त छात्रों को देखकर यह विचार आता है कि पुरस्कार किसी व्यक्ति के जीवन में उत्साह एवं गति प्रदान करते हैं। यदि इसका प्रारम्भ छात्र जीवन से ही हो जाए तो निश्चित रुप से उसे नित नये कीर्तिमान स्थापित करने से कोई रोक नहीं सकता।

न्यायमूर्ति ने आगे कहा कि इस हेतु सम्बन्धित संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। संगमनगरी के लिए यह गर्व का विषय है कि विद्या भारती किरणों से संचालित विद्यालय निरन्तर ऐसी प्रतिभाओं को तराश रहें हैं, जो अपने भावी जीवन में भारत माता के यश में श्रीवृद्धि करेंगे और समाज को सच्ची दिशा प्रदान करने में अपना अपूर्व योगदान प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम अध्यक्ष एसोसिएट प्रोफेसर कुलभाष्कर पीजी कालेज प्रयागराज डॉ. शशिकान्त त्रिपाठी ने कहा कि जीवन में सफलता और सार्थकता दो ऐसे पहलू हैं जिन्हें अक्सर एक ही मान लिया जाता है। जबकि वास्तव में इनमें गहरा अंतर होता है। एक सफल जीवन बाहरी उपलब्धियों और भौतिक सुख-सुविधाओं पर केंद्रित हो सकता है, जबकि एक सार्थक जीवन गहरे आंतरिक संतोष, उद्देश्य और दूसरों के जीवन में सकारात्मक योगदान पर आधारित होता है। जिस प्रकार एक व्यक्ति जो दूसरों की निःस्वार्थ भाव से मदद करता है, अपने काम में परोपकार का उद्देश्य ढूंढता है, मजबूत और स्वस्थ रिश्ते बनाता है या सकारात्मक प्रभाव डालता है, वह एक सार्थक जीवन जी रहा हो सकता है, भले ही उसके पास बहुत अधिक धन या सामाजिक प्रतिष्ठा न हो।

विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत राज अधिकारी रवि शंकर द्विवेदी ने कहा सफलता का कोई शार्टकट नहीं होता सफलता सदैव कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन एवं देश हित में काम करने की भावना से ही मिलती है। उन्होंने कहा कि हमें हमेशा अपने गुरुजनों को सम्मान करना चाहिए तथा सदैव उनसे कुछ नया सीखने का प्रयास करते रहना चाहिए।

अन्त में विद्यालय के प्रबन्धक राकेश सिंह सेंगर एवं प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय ने भी अपने विचार व्यक्त किये। प्रधानाचार्य ने आये अतिथियों, अभिभावकों एवं कार्यक्रम में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रुप से जुड़े सभी लोगों का आभार ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के आचार्य सरोज सिंह ने किया। पुरस्कार के रुप में जिले तथा विद्यालय में स्थान बनाने वाले भैया बहनों को स्मृति चिन्ह एवं उनके अभिभावको को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर ज्वाला देवी गंगापुरी अध्यक्ष च्यवन भार्गव, विद्यालय के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय तथा बोर्ड परीक्षा में जिले तथा विद्यालय की मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले भैया बहन एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र