जमीन बंटवारे के विवाद में खूनी संघर्ष, चाचा ने कुल्हाड़ी से हमला कर दो भतीजों को किया गंभीर रूप से घायल
जौनपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव में रविवार सुबह जमीन के बंटवारे को लेकर वर्षों से चल रहा पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का आरोप है, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।पुलिस के अनुसार, मूल रूप से शाहापुर निवासी लालबहादुर सिंह के दो पुत्र आनंद और सुभाष करीब 25 वर्षों से बारीगांव में जमीन खरीदकर मकान बनाकर रह रहे हैं। परिवार के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई।आरोप है कि सुभाष, उसकी पत्नी, सास-ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों ने आनंद के पुत्र उदय (23) और राज (20) पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बरसठी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए एक घायल को जिला अस्पताल लाया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए दोनों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।इस संबंध में क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव