रक्तदान से जरूरतमंदों को मिल सकता है नया जीवन, युवाओं को आगे आना चाहिए : डॉ. संजीव गुप्ता

 


कानपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। रक्तदान एक ऐसा कार्य है, जिससे जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। युवाओं को इस सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति आगे आना चाहिए और नियमित रूप से रक्तदान के लिए लोगों को भी प्रेरित करना चाहिए। यह बातें सोमवार को चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के दौरान कहीं।

सीएसए में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर जीवनधारा चैरिटेबल ब्लड सेंटर, कानपुर के सहयोग से आयोजित हुआ। इसमें विश्वविद्यालय परिसर की विभिन्न एनएसएस इकाइयों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भागीदारी की और 30 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रश्मि सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान एनएसएस इकाई-01 के डॉ. राजीव कुमार, इकाई-02 के डॉ. अरुण कुमार, इकाई-03 की डॉ. संघमित्रा महापात्रा और इकाई-07 के डॉ. उमनाथ शुक्ला के अलावा डॉ. अर्चना सिंह और डॉ. एकता शर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई।

शिविर में कुल 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 66 छात्राएं और 84 छात्र शामिल रहे। रक्तदान के साथ प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क हीमोग्लोबिन जांच और बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) मापन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की जानकारी दी गई और जलपान की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम में कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। निदेशक छात्र कल्याण ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया और स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिविर के दौरान कुल 30 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप