भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो ने प्रदर्शन कर फूंका सपा प्रमुख का पुतला

 




गोरखपुर, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को गोलघर स्थित इंदिरा बाल बिहार चौराहे पर समाजवादी पार्टी(सपा) प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के खिलाफ दी गई कथित अशोभनीय टिप्पणी को लेकर भाजयुमो कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सपा विरोधी नारे लगाए।

कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे भाजयुमो के क्षेत्रीय मंत्री एवं कार्यक्रम आयोजक अम्बिकेश धर दुबे ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा अब अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के लिए अनर्गल बयानबाजी और व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का सार्वजनिक जीवन चार दशक की तपस्या, संघर्ष और संगठनात्मक समर्पण का प्रतीक है। ऐसे वरिष्ठ और लोकप्रिय नेता पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना सपा की कुंठित मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि सपा आज पूरी तरह गुंडों और माफियाओं की पार्टी बनकर रह गई है। प्रदेश की जनता और युवा वर्ग सपा की राजनीति को भलीभांति समझ चुका है, इसलिए पार्टी लगातार जनाधार खो रही है।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा नेतृत्व के सम्मान पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी और विपक्ष की अभद्र राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर नारेबाजी की।

इस अवसर पर भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सतेंद्र सिंहा, पार्षद पिंटू गौड़, भाजयुमो क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य गोविंद वर्मा, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष कौशलेंद्र सिंह, अशोक सिंह, मंडल अध्यक्ष गौरव गोस्वामी, युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष सार्थक जायसवाल, सचिन चौधरी, जयदित्य सिंह, गुलशन सिंह, सुशील अग्रहरि, लोकेश पांडेय, आशीष सिंह, त्रिभुवन सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय