इंडी गठबंधन की अराजकता का जवाब देने के लिए बुधवार काे कानपुर में निकलेगी भाजपा की पदयात्रा : राम किशोर साहू
कानपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। इंडी गठबंधन की अराजक राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से कानपुर की सड़कों से दिया जाएगा। 17 जिलों के हजारों कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर पदयात्रा में शामिल होंगे। यह आयोजन लोकतंत्र, राष्ट्रहित और सामाजिक व्यवस्था के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का प्रदर्शन होगा। यह बातें मंगलवार को भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने क्षेत्रीय कार्यालय में मीडिया से वार्ता के दौरान कहीं।
भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के नेतृत्व में चार नवंबर को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 17 जिलों से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। पदयात्रा बुधवार दोपहर 12 बजे बृजेन्द्र स्वरूप पार्क से शुरू होकर मोतीझील मैदान पहुंचेगी। यहां विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा।
जनसभा को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जगदीश भाई पटेल संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी शंकर लाल लोधी, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू समेत क्षेत्र के मंत्री, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, ब्लॉक प्रमुख और नगर निकायों के अध्यक्ष शामिल होंगे।
राम किशोर साहू ने बताया कि पदयात्रा को लेकर सभी 17 जिलों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। गांवों से लेकर शहरों तक संगठन के प्रत्येक स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने का अभियान चलाया गया है। मंगलवार को क्षेत्रीय कार्यालय में दिनभर बैठकों के जरिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
पदयात्रा के दौरान यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन के साथ समन्वय बैठक भी की गई है। प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू, क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी, राजेश पटेल और जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने पदयात्रा मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
क्षेत्र के सह मीडिया प्रभारी डॉ. संजय सिंह ने बताया कि पदयात्रा में युवाओं की विशेष भागीदारी रहेगी। बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता बड़े बैनर के साथ शामिल होंगे। मार्ग में बीच-बीच में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने कहा कि पदयात्रा के जरिए भाजपा संगठन की एकजुटता और युवाओं की भागीदारी का संदेश देगी। बृजेन्द्र स्वरूप पार्क से मोतीझील तक निकलने वाली पदयात्रा के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप