विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की जिम्मेदारी देश के युवाओं की : मेघा कुलकर्णी

 


कानपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में देश का युवा सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। युवा केवल विकसित भारत का साक्षी ही नहीं, बल्कि उसका निर्माता भी बनेगा। यह बातें भाजपा उत्तर प्रदेश की सह प्रभारी एवं सांसद मेघा कुलकर्णी ने सोमवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित युवा मोर्चा की वृहत बैठक को संबोधित करते हुए कहीं।

बैठक में वर्ष 2010 से वर्तमान तक युवा मोर्चा के विभिन्न दायित्वों पर रहे कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया था। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी 17 जिलों से पहुंचे युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बैठक का संचालन क्षेत्रीय युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील साहू एवं शिवेंद्र सिंह ने किया। भाजपा उत्तर प्रदेश की सह प्रभारी एवं सांसद मेघा कुलकर्णी तथा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मर्यादाओं को सड़कों पर तार-तार करने वाले राहुल गांधी और अखिलेश यादव आज देश के युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन देश का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ मजबूती से खड़ा है। अब विपक्ष के झूठे नैरेटिव और भ्रमजाल में देश का युवा आने वाला नहीं है।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने रामभक्त कारसेवकों पर गोलियां चलवाईं, वे आज राम और कृष्ण की बात कर रहे हैं। संविधान और लोकतंत्र की दुहाई देने वालों को अपने राजनीतिक इतिहास का भी जवाब देना चाहिए। आजादी के बाद कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में 100 बार राष्ट्रपति शासन लगाकर चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया गया। ऐसे राजनीतिक दलों के युवराज आज लोकतंत्र बचाने के नाम पर सड़कों पर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

रोहित मिश्रा ने कहा कि भाजपा का युवा कार्यकर्ता केवल चुनावी कार्यकर्ता नहीं, बल्कि विचारधारा का सशक्त वाहक है। पार्टी युवाओं को वैचारिक योद्धा के रूप में विधानसभा तक पहुंचाने का कार्य करेगी। भाजपा का लक्ष्य युवाओं को संगठन, समाज और राष्ट्र निर्माण की निर्णायक भूमिका में स्थापित करना है।

मेघा कुलकर्णी ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक ताकत उसकी युवा शक्ति होती है। मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव देश का युवा ही रखेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनाने का जो संकल्प लिया है, उसे युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं को केवल अवसर नहीं दे रही, बल्कि देश के भविष्य की जिम्मेदारी भी सौंप रही है।

बैठक में युवा मोर्चा के पुराने और वर्तमान कार्यकर्ताओं के अनुभवों, संगठनात्मक सक्रियता तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने एक स्वर में प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प को जनांदोलन बनाने और संगठन की विचारधारा को युवाओं के बीच और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित समाधिया क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवबीर सिंह भदौरिया अरविंद राज त्रिपाठी खेमराज शर्मा अमित बाथम मनीष बाजपेयी शिखा मिश्रा शिवांग मिश्रा अंकित गुप्ता रवींद्र चौहान प्रवेश कटियार पारस जैन ऋषभ शुक्ला सहित जिलों से आए युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ और वर्तमान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शहीद कारसेवक के घर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष किदवई नगर निवासी राम मंदिर कारसेवा में शहीद स्वर्गीय सुरेंद्र नागर जी के आवास पर पहुँचकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा जी ने उनके परिजनों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना एवं परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप