प्रशिक्षण वर्ग सेवा, संस्कार, संयम को सीखने की पाठशाला : दिलीप सिंह पटेल

 




--भाजपा यमुनापार का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण महाअभियान का क्षेत्रीय अध्यक्ष ने किया शुभारम्भ

--उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य करेंगे समापन, गरीब कल्याण योजनाओं पर देंगे मार्गदर्शन

प्रयागराज, 15 मई (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज यमुनापार का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण महाअभियान 2026 का शुभारम्भ शुक्रवार को सच्चा बाबा आश्रम, अरैल नैनी में काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य वक्ता काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने “कार्यकर्ता विकास, संभाल और दायित्व बोध” विषय पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन की सेवा, संस्कार और संयम की पाठशाला है। भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित विचारधारा का संवाहक होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे संगठन की रीति-नीति, अनुशासन, कार्य पद्धति और संवाद कौशल को आत्मसात कर जनसेवा को अपना मूल मंत्र बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को विचार, संगठन और राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।

अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने कहा कि प्रशिक्षण के प्रत्येक बिंदु को यदि हम अपने जीवन में उतार लें तो यह वर्ग पूर्णतः सार्थक होगा और कार्यकर्ताओं का भविष्य उज्ज्वल बनेगा।

द्वितीय सत्र “वैचारिक अधिष्ठान” विषय पर वक्ता प्रभा शंकर पाण्डेय पूर्व विधायक फाफामऊ ने भाजपा की विचारधारा और राष्ट्रवाद के मूल तत्वों पर प्रकाश डाला। तृतीय सत्र “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर अवधेश चन्द्र गुप्ता क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, काशी क्षेत्र ने संगठन के विस्तार और संघर्षपूर्ण यात्रा पर चर्चा की। चतुर्थ सत्र “कार्य पद्धति” विषय पर अनिल सिंह पूर्व जिलाध्यक्ष मिर्जापुर एवं प्रशिक्षण वर्ग यमुनापार प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक अनुशासन और टीमवर्क का महत्व बताया। पंचम सत्र “विचार परिवार” विषय पर अमरनाथ यादव क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, काशी क्षेत्र एवं यमुनापार जिला प्रभारी ने भाजपा के सहयोगी संगठनों और उनके सामाजिक योगदान की जानकारी दी। षष्ठम सत्र “कार्य विस्तार एवं प्रबंधन” विषय पर महेश चंद्र श्रीवास्तव पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष, काशी क्षेत्र ने संगठन विस्तार, योजना निर्माण और प्रभावी प्रबंधन पर मार्गदर्शन दिया।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में लोकसभा प्रत्याशी रहे नीरज त्रिपाठी, योगेश शुक्ला, विधायक पियूष रंजन निषाद, विधायक राजमणि कोल, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद प्रजापति, विभवनाथ भारती, शिवदत्त पटेल, रामेश्वर द्विवेदी, अशोक चौधरी सहित, जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, जनप्रतिनिधि,पूर्व वरिष्ठ पदाधिकारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष, महामंत्री,विभाग, प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मीडिया प्रभारी ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन शनिवार को सप्तम सत्र में “देश के समक्ष चुनौतियां-नेरेटिव” पर शलभ मणि त्रिपाठी विधायक देवरिया, अष्टम सत्र “बूथ प्रबंधन” पर पुष्पराज सिंह पूर्व जिलाध्यक्ष, नवम सत्र “मीडिया प्रबंधन सोशल मीडिया” पर मनीष शुक्ला प्रदेश प्रवक्ता उत्तर प्रदेश, तथा दशम व्यवहारिक सत्र में भाषण कला, गीत, दीवाल लेखन, पोस्ट प्रबंधन कार्यालय डाटा) पर अनामिका चौधरी प्रदेश मंत्री, भाजपा उत्तर प्रदेश कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। समापन सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका पर मार्गदर्शन देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र