यमुनापार में भाजपा के स्थापना दिवस काे लेकर हुई कार्यशाला
--6 अप्रैल को ध्वजारोहण, बूथों पर संवाद व गांवों में घर-घर झंडा अभियान
प्रयागराज, 30 मार्च (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस को भव्य रूप से मनाने के उद्देश्य से भाजपा यमुनापार जिला कार्यशाला का आयोजन सोमवार को सिविल लाइंस स्थित कार्यालय में किया गया।
मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी यमुनापार अमरनाथ यादव ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े संगठन भाजपा का स्थापना दिवस पूरे हर्षाेल्लास एवं उत्सव के वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने पार्टी कार्यालयों की साफ-सफाई एवं साज-सज्जा स्वदेशी निर्मित झालरों व फूल मालाओं से कराने तथा 06 अप्रैल को पार्टी कार्यालय पर ध्वजारोहण कर मिष्ठान वितरण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी की विकास यात्रा पर संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं के घरों पर झंडा फहराकर सेल्फी लेने, महापुरुषों को पुष्पार्चन करने तथा 6 व 7 अप्रैल को बूथ स्तर पर प्राथमिक व सक्रिय सदस्यों एवं गणमान्य ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित करने का अभियान चलाया जाएगा। कार्यशाला में सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करने, 7 से 12 अप्रैल के बीच गांव-बस्ती सम्पर्क अभियान चलाने तथा 8-9 अप्रैल को सक्रिय सदस्य सम्मेलन आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं बल्कि संगठन की ताकत और सेवा संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक कार्यक्रम को शत-प्रतिशत पूर्ण करते हुए बूथ स्तर तक पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।
जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री व संयोजक प्रदीप पांडेय ने किया। कार्यशाला में जिला महामंत्री रामसुख कुशवाहा, रत्नाकर सिंह पटेल, अशोक सिंह, छेदीलाल कोटार्य, लखन केशरी, सतीश विश्वकर्मा, आनंद तिवारी सहित जिला पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र