देवरिया : भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर, मिष्ठान खिलाकर मनाया जश्न
देवरिया, 04 मई (हि.स.)। पांच राज्याें के चुनाव परिणामाें काे लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काफी खुश एवं उत्साहित है। इन परिणामाें में
भाजपा सबसे ज्यादा उत्साहित पश्चिम बंगाल में ममता दीदी का किला ढहने और कमल खिलने पर है और देश भर में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में चुनाव परिणामाें लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया और आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की।
सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि बंगाल की जनता ने तुष्टिकरण को नकारकर विकास और राष्ट्रवाद को चुना है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और जनता के विश्वास की जीत है।
कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि बंगाल में कमल खिलना तय था। किसान, गरीब और नौजवान ने डबल इंजन सरकार पर भरोसा जताया है। ममता सरकार की अराजकता का अंत हुआ।
राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने कहा कि बंगाल की मातृशक्ति ने परिवर्तन का बिगुल बजाया है। बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए भाजपा को मिला जनादेश ऐतिहासिक है।
जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि बंगाल विजय कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है। देवरिया से लेकर बंगाल तक जनता ने साबित कर दिया कि अब सिर्फ सुशासन चलेगा।
सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि यह सोनार बांग्ला बनाने के संकल्प की जीत है। बंगाल ने हिंसा और भ्रष्टाचार को हराकर विकास का रास्ता चुना है।
डॉ. रतनपाल सिंह ने कहा कि बंगाल की विजय लोकतंत्र की जीत है। जनता ने परिवारवाद और कट्टरता को खारिज कर सबका साथ, सबका विकास को चुना।
सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि बंगाल में कमल खिलने से पूरे देश में उत्साह है। अब वहां भी गरीब कल्याण की योजनाएं बिना भेदभाव के पहुंचेंगी। जयप्रकाश निषाद ने कहा कि निषाद समाज समेत पूरे बंगाल ने भाजपा पर भरोसा जताया है। यह सामाजिक न्याय और विकास की जीत है।
इसी तरह दीपक मिश्रा शाका ने कहा कि मां काली की धरती ने सही निर्णय लिया है। बंगाल की जीत 2026 के यूपी चुनाव के लिए भी शुभ संकेत है। वहीं सभाकुंवर कुशवाहा ने कहा कि बंगाल की जनता ने कुशासन को उखाड़ फेंका है। पिछड़े, दलित, वंचित सभी वर्गों ने भाजपा को आशीर्वाद दिया है।
भाजपा नेताओं ने संयुक्त रुप से कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों पर जनता के भरोसे की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के मुद्दों पर भाजपा को समर्थन दिया है। यह विजय पूरे देश में भाजपा की बढ़ती स्वीकार्यता का प्रतीक है। कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय पर एकत्र होकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाए।
इस अवसर पर जिला और मंडल स्तर के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर पार्टी की इस सफलता को ऐतिहासिक बताया और आने वाले चुनावों में भी बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक