भाजपा महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन, राहुल गांधी और अखिलेश यादव का पुतला फूंका
कानपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति अधिनियम को संसद में गिराए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण महिला मोर्चा द्वारा जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह के नेतृत्व में सोमवार को पदयात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने तख्तियां लेकर भाग लिया और विरोध जताया। महिलाओं ने विभिन्न स्थानों से एकत्र होकर संगठित रूप से मार्च किया और कानून के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।
मीडिया प्रभारी संजीव बेरी ने बताया कि पदयात्रा के दौरान महिलाओं ने सपा और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने “अखिलेश यादव मुर्दाबाद” और “राहुल गांधी मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए आक्रोश व्यक्त किया। कई महिलाओं ने कहा कि यह कानून उनके अधिकारों को मजबूती देने वाला है और इसे रोकना महिलाओं के हितों के खिलाफ है।
पदयात्रा बारा देवी चौराहे तक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा और पूरे कार्यक्रम पर नजर रखी गई।
इस दौरान जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि नारी शक्ति अधिनियम महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण से जुड़ा अहम कदम है, जिसे संसद में गिराना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा इस मुद्दे पर लगातार जनजागरण करेगा और जरूरत पड़ने पर आगे भी आंदोलन तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में संयोजक सुनीता देवी, पार्षद शीलू कनौजिया, वंदना गुप्ता, मधु तिवारी, हेमलता धीमान, किरण पांडेय, तरंग श्रीवास्तव, मीनाक्षी पांडे, रानी गौड़, रीता अवस्थी, रश्मि शुक्ला, सुमन देवी सहित अन्य महिलाएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप