2027 में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी भाजपा : केशव मौर्य

 




जौनपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। टिकट किसी भी नेता या कार्यकर्ता को मिले, पार्टी के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कमल खिलाने के लिए संकल्पित हैं। भाजपा का लक्ष्य सत्ता में वापसी करना है और संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनाव की तैयारी में जुटा है।

उक्त बातें उन्होंने बुधवार को जौनपुर पुलिस लाइन स्थित सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहीं। इस दौरान उन्होंने गठबंधन में सीटों के बंटवारे, प्रत्याशियों के चयन, विपक्ष के आरोपों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर अपनी बात रखी।

एनडीए में सब कुछ ठीक, समय पर होगा सीटों का फैसला

सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के संभावित सीट परिवर्तन की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि जिसे जहां से चुनाव लड़ना होगा, वह वहां से लड़ेगा। गठबंधन में सीटों का बंटवारा आपसी बातचीत और बैठकों के बाद तय होगा। संजय निषाद की नाराजगी और एनडीए में कथित तनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा और सहयोगी दलों के बीच कोई विवाद नहीं है। एनडीए पूरी मजबूती के साथ एकजुट है।

प्रदेश में 'राधे-राधे कमल खिला दे' के उद्घोष पर उन्होंने विश्वास जताया कि न्यायिक प्रक्रिया या आपसी समझौते से भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण होगा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को शायद आने और जाने के समय के अभिवादन का अंतर समझ में नहीं आता। जाते समय राधे-राधे कहा जाता है।

प्रत्याशियों के चयन पर उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार या प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की पार्टी नहीं है। यहां जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तर से नामों का पैनल तैयार होकर जाता है। अंतिम निर्णय पार्टी का संसदीय बोर्ड करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा घोषणापत्र नहीं, बल्कि संकल्प पत्र जारी करती है, जो पार्टी की प्रतिबद्धताओं को दर्शाता है।

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की ओर से हर घर योजना में घोटाले के आरोपों पर मौर्य ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर सवाल उठाने वालों को पहले अपने दल का रिकॉर्ड देखना चाहिए। आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने उसके मुख्यमंत्री के जेल जाने का भी जिक्र किया।

लोकसभा चुनाव के नतीजों पर उन्होंने कहा कि पिछली बार विपक्ष के दुष्प्रचार का असर चुनाव परिणामों पर पड़ा था, लेकिन 2027 का चुनाव डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों के आधार पर होगा। उन्होंने दावा किया कि 60 प्रतिशत वोट भाजपा के साथ हैं और शेष 40 प्रतिशत वोटों में भी पार्टी की हिस्सेदारी रहेगी।

पार्टी में भीतरघात और मुख्यमंत्री चेहरे के सवाल पर उन्होंने कहा कि टिकट किसी को भी मिले, सभी कार्यकर्ताओं का लक्ष्य कमल को जिताना है। वहीं, सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन और न्यायिक रोक वाले मामलों पर टिप्पणी करने से उन्होंने परहेज किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव