भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी मंडलों में किया पौधरोपण

 


केन्द्र सरकार के विकासोन्मुखी 12 वर्ष: विशेष जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी भाजपा

लखनऊ, 05 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के ऐतिहासिक, जनकल्याणकारी एवं विकासोन्मुखी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारम्भ की गई है। ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के‘ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी मंडलों में ‘एक पेड़ माँ के नाम‘ अभियान चलाकर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने महराजगंज में तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने राजधानी लखनऊ में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकास और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलने का जो मार्ग देश को दिखाया है, वह आज विश्व के लिए भी अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने आर्थिक, सामाजिक, आधारभूत संरचना, कृषि, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां प्राप्त की हैं। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम‘ अभियान केवल वृक्षारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, मातृशक्ति के सम्मान और प्रकृति संरक्षण का राष्ट्रीय जनआंदोलन है।

पंकज चौधरी ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की नींव बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने का कार्य करेगा तथा इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएगा।

विशेष जनसंपर्क अभियान चलायेगी भाजपा

भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के‘ अभियान के अंतर्गत 08 जून से 14 जून तक पूरे प्रदेश में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। अभियान में केन्द्र एवं राज्य सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी समाज, साहित्य, खेल, शिक्षा तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध एवं विशिष्ट व्यक्तियों से संवाद करेंगे। 11 से 14 जून तक मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। 14 से 16 जून तक जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे। 16 एवं 17 जून को जिला स्तर पर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित होंगे।

उपलब्धियों की लगेगी प्रदर्शनी

17 से 20 जून तक केन्द्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। 18 एवं 19 जून को प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशालाओं का आयोजन होगा तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश के सभी मंडलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन