भाजपा की वाराणसी जिला कार्यसमिति घोषित, आठ लोग जिला उपाध्यक्ष बनाए गए
वाराणसी, 30 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति के बाद पार्टी के वाराणसी जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल ने रविवार शाम जिला कार्यसमिति की घोषणा कर दी। नई कार्यसमिति में संगठन के विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
जिला कार्यसमिति में आठ नेताओं को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें उषाराज मौर्या, पवन सिंह, संजय सिंह, अश्वनी पांडेय, विनय सिंह हिटलर, रामप्रकाश सिंह उर्फ वीरू और संदीप सिंह उर्फ मिंटू शामिल हैं। वहीं, जिला महामंत्री पद की जिम्मेदारी संजय सिंह गौतम और अजय दुबे को सौंपी गई है। इसके अलावा आठ नेताओं को जिला मंत्री बनाया गया है। इनमें उदय नारायण पटेल, खुशबु सिंह, सुरेन्द्र कुमार बिंद, विजयराज यादव, रेखा चौहान, अरविंद मिश्रा, अजय पटेल और बृजेश राजभर शामिल हैं।
कार्यसमिति में जिला कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी जगदीश प्रसाद जायसवाल को, जबकि जिला कार्यालय मंत्री का दायित्व ओमप्रकाश प्रियदर्शी को सौंपा गया है।
पार्टी नेतृत्व ने नई कार्यसमिति के माध्यम से संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की दिशा में पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी