भाजपा उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र को मिला महत्व

 














कानपुर 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नवगठित कार्यकारिणी में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र को प्रमुखता मिलने पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी नवमनोनीत प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 79 वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश कार्यकारिणी में प्रतिनिधित्व मिलने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में और अधिक मजबूती आएगी।

क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने सभी नवमनोनीत सदस्यों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सभी नेता संगठन की विचारधारा, जनसेवा और राष्ट्रहित के संकल्प को सर्वोपरि रखते हुए पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन अपने समर्पित कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के अनुभव के आधार पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।

घोषित सूची के अनुसार, पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

वहीं, विशेष आमंत्रित सदस्यों में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान, असीम अरुण, अजीत पाल, रामकेश निषाद, कृष्णा पासवान, मनोहर लाल पंथ, प्रतिभा शुक्ला एवं कैलाश राजपूत को शामिल किया गया है।

इसके अतिरिक्त राज्यसभा सदस्य गोपी कृष्ण पांडेय एवं बाबूराम निषाद, सांसद मुकेश राजपूत, देवेंद्र सिंह भोले एवं अनुराग शर्मा, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई तथा विधायक नीलिमा कटियार एवं मनीषा अनुरागी को भी विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

भाजपा क्षेत्रीय नेतृत्व ने प्रदेश कार्यकारिणी में स्थान पाने वाले सभी वरिष्ठ नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके अनुभव, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता से पार्टी को नई मजबूती मिलेगी तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप