गोला में रविवार से शुरू होगा भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा करेंगे उद्घाटन

 


जिले के एक गेस्ट हाउस में जुटने वाले भाजपा नेताओं और प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियों को जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा और प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता भी रहेंगे मौजूद

लखीमपुर खीरी, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी) में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांगठनिक सुदृढ़ीकरण और कार्यकर्ताओं के वैचारिक विकास के लिए शहनाई गेस्ट हाउस में दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जा रहा है। रविवार 17 मई से शुरू होने वाले इस हाई-प्रोफाइल प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा संबोधित करेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने शनिवार को प्रशिक्षण वर्ग में जिम्मेदारी संभाल रहे सभी प्रमुख पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय वर्ग से जुड़ी सभी प्रकार की व्यवस्थाएं और संगठनात्मक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इस प्रशिक्षण वर्ग को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें भाजपा के कई शीर्ष नेता और क्षेत्रीय पदाधिकारी शिरकत करेंगे। वर्ग के दौरान पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा 'टेनी', भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद रेखा अरुण वर्मा, प्रदेश महामंत्री व विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अनूप गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा और वर्ग प्रभारी व पूर्व मंत्री वीरेंद्र तिवारी समेत प्रदेश स्तर के कई अन्य वरिष्ठ नेतागण भी मौजूद रहेंगे। यह नेतागण विभिन्न सत्रों में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप

प्रशिक्षण वर्ग के जिला संयोजक और जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। उन्होंने बताया कि सत्रों के सुचारू संचालन, बैठक व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं को पूरी तरह मुस्तैद कर लिया गया है।

भाजपा जिला प्रवक्ता रमेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि इस दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रीति-नीति और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रशिक्षित करना है। वर्ग को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव