पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान संगठन को मजबूती देने का सशक्त माध्यम :  केशव प्रसाद मौर्य

 


लखनऊ, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को गौरा रिसॉर्ट, मोहनलालगंज, रायबरेली रोड, लखनऊ में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत ‘जिला प्रशिक्षण वर्ग’ कार्यक्रम के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन की मजबूती का आधार होते हैं तथा कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

उन्हाेंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, राष्ट्रसेवा एवं जनकल्याण के प्रति और अधिक समर्पित बनाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता हर परिस्थिति में जनता के बीच रहकर कार्य करता है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत एवं पहचान है।उन्होंने पं0 दीन दयाल उपाध्याय , डा0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेई के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके विचार, आदर्श और बलिदान आज भी संगठन की वैचारिक नींव को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने संगठन की गतिविधियों एवं आगामी रणनीतियों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन कर उसकी सराहना की। साथ ही क्षेत्र पंचायत निधि से संपन्न विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, भाजपा के प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी एवं अर्चना मिश्रा, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, विधायकगण योगेश शुक्ला, अमरेश कुमार, जय देवी, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन