स्थापना दिवस पखवाड़ा 6 से 12 अप्रैल तक मनाएगी भाजपा : प्रकाश पाल

 


कानपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा छह से 12 अप्रैल तक स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाते हुए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और जनसंपर्क को तेज करने के लिए व्यापक अभियान चलाएगी। यह बातें शुक्रवार को भाजपा कानपुर-बुंदलेखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।

भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय नौबस्ता में आयोजित क्षेत्रीय मॉनिटरिंग टोली एवं पदाधिकारियों की बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि पांच से सात अप्रैल तक पार्टी के क्षेत्र, जिला और मंडल कार्यालयों को बिजली की झालरों और फूलों से सजाया जाएगा।

छह अप्रैल को स्थापना दिवस के अवसर पर सभी मुख्यालयों और कार्यकर्ताओं के घरों पर भाजपा का ध्वज फहराया जाएगा। साथ ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।

सात अप्रैल को बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके बाद आठ और नौ अप्रैल को जिला स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होंगे, जिन्हें वरिष्ठ नेता सम्बोधित करेंगे।

सात से 12 अप्रैल तक सभी बस्तियों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और सामाजिक कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित किया जाएगा। कार्यक्रमों के समन्वय के लिए क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी, अनिल यादव और पवन प्रताप सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।

बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री संत विलास शिवहरे, अनीता गुप्ता, शिवबीर सिंह भदौरिया, भूपेंद्र त्रिपाठी, हर्ष द्विवेदी, आलोक शुक्ला, वीरेंद्र तिवारी, हरिओम भदौरिया, सुनील शुक्ला, मनु सिंह, सौरभ कमल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे ।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप