भाजपा शीघ्र करेगी जिला पदाधिकारियों व कार्यसमिति सदस्यों के टीम की घोषणा
--जिलाध्यक्ष सहित कुल 91 सदस्यों की होगी टीम
प्रयागराज, 01 मार्च (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन के द्वारा संगठन पर्व 2026 संगठनात्मक चुनाव की संचालन प्रक्रिया के अंतर्गत शीघ्र ही जिले के पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्य के गठन की प्रक्रिया आरम्भ कर देगी। जिसको लेकर संगठन की समन्वय समिति कोर कमेटी की बैठक की जा रही है और अब शीघ्र ही जिले के पदाधिकारी और सदस्यों का गठन कर दिया जाएगा।
मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने रविवार काे बताया कि प्रदेश संगठन के द्वारा जिले की नई टीम के गठन को लेकर जारी किए गए प्रारूप में जिले की कार्यसमिति में जिले के अध्यक्ष सहित कुल 91 सदस्यों की टीम होगी और उन्ही सदस्यों में जिले के नव गठित पदाधिकारी भी शामिल रहेंगे। जिले के पदाधिकारियों में अध्यक्ष के साथ 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री, 8 मंत्री, 1 कोषाध्यक्ष होंगें। इसके अलावा जिला आईटी संयोजक, जिला सोशल मीडिया संयोजक, जिला मीडिया प्रभारी के लिए अनुभवी कार्यकर्ताओं को जिले की टीम में समाहित किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि प्रदेश संगठन द्वारा 2 मार्च तक जिला कार्यसमिति के सदस्यों और पदाधिकारियों के गठन की प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए समय निर्धारित किया गया है और जिले के टीम में वही कार्यकर्ता को पदाधिकारी बनाया जाएगा, जिनके दो कार्यकाल 2019 एवं 2024 की सक्रिय सदस्यता होगी और उनकी उम्र सीमा 30 से 50 वर्ष के मध्य होगी। महिलाओं एवं अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लिए उम्र की सीमा निर्धारित नहीं है। इसके अलावा जिले के पदाधिकारी की टीम में कम से कम 7 महिलाएं और 2 अनुसूचित जाति व 2 जनजाति के कार्यकर्ता अनिवार्य होगें एवं पिछड़ा वर्ग को जिले की समीकरण के अनुसार समाहित करना होगा।
इसके अलावा जिले में 15 विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए जा सकेंगे और जिले की टीम का गठन करते समय जिले के सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त किए गए नामों पर चर्चा के पश्चात ही प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा आपसी सहमति के पश्चात जिले के टीम की घोषणा जिलाध्यक्ष द्वारा की जाएगी। जिसको लेकर कार्यकर्ताओं में बेचैनी सी बढ़ गई है और जिले की नई टीम का इंतजार कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र