लोकसभा नतीजों के सर्वे काे लेकर सपा फैला रही भ्रम : मनीष शुक्ल

 


लखनऊ, 25 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता मनीष शुक्ल ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर भ्रामक जानकारी के जरिए भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सपा के प्रवक्ता मनोज सिंह 'काका' आधा सच पेश कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि सपा 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीटीवी के नाम से प्रसारित किए जा रहे पोस्टर में 183 सीटों का आंकड़ा वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों के विश्लेषण से जुड़ा है, न कि 2027 के किसी सर्वे का है।

भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ल ने अपनी पोस्ट में आंकड़ों से संबंधित चित्र को भी साझा किया है जिसमें दिख रही टीवी स्क्रीन पर एनडीटीवी इंडिया के लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों का विधानसभा क्षेत्रवार विश्लेषण दिखाया गया है। इसमें समाजवादी पार्टी को 183 विधानसभा क्षेत्रों में और भाजपा को 162 क्षेत्रों में बढ़त मिलती दिखाई गई थी। उन्होंने कहा कि इस आंकड़े को 2027 के विधानसभा चुनाव के सर्वे के रूप में पेश करना सही नहीं है।

भाजपा प्रवक्ता ने पोस्टर के ऊपरी हिस्से में लिखे ‘यूपी चुनाव 2027 : एनडीटीवी सर्वे का बड़ा दावा? सपा को 183 सीट’ शीर्षक पर भी सवाल उठाया। उन्होंने दावा किया कि यह शीर्षक ‘द एनडीएन न्यूज’ नामक पेज की ओर से जोड़ा गया है और इसे एनडीटीवी का आधिकारिक दावा बताना भ्रामक है।

उन्होंने पोस्ट में 2027 के विधानसभा चुनाव से जुड़े अन्य सर्वेक्षणों का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक, अक्टूबर 2026 में जारी बताए जा रहे न्यूज 18-पिवैल्यू एनालिटिक्स और न्यूज लीडर-मैट्रिज सर्वे में भाजपा-एनडीए के समर्थन और सीटों के अनुमान से जुड़े आंकड़े सामने आए हैं। उन्होंने इन सर्वेक्षणों का हवाला देते हुए सपा के दावे पर सवाल उठाए।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 183 सीटों का आंकड़ा 2024 के लोकसभा चुनाव के विधानसभा क्षेत्रवार विश्लेषण से संबंधित है और इसे 2027 के चुनाव का पूर्वानुमान बताकर पेश नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सपा पर राजनीतिक लाभ के लिए भ्रामक दावे करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह की जानकारी से लोगों के बीच भ्रम पैदा हो सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा