भाजपा सभी धर्म और जाति के लोगों का करती है सम्मान : ठा. रामवीर सिंह
मुरादाबाद, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले की कुंदरकी विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने रविवार को महर्षि दयानंद लॉ कॉलेज में रोजा इफ्तार कार्यक्रम आयोजित कराया। इस दौरान विधायक ने कहा कि भाजपा सभी धर्म और जाति के लोगों का सम्मान करती है। इसीलिए हमारा नारा है सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास।
विधायक ने कहा कि रमजान धैर्य और त्याग का महीना है। यह एक-दूसरे की मदद करने की सीख देता है। उन्होंने समाज में शांति और एकता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने आगे कहा कि त्योहार हमें जोड़ने का काम करते हैं। त्योहारों का उद्देश्य है कि समाज को एकता के सूत्र में बांधा जाए। दावत-ए-इफ्तार कार्यक्रम में मुस्लिम और हिन्दू समाज का एक साथ शामिल होना इस बात का प्रतीक है कि हमारा देश प्रेम और सद्भाव के खूबसूरत धागे में बंधा हुआ है।
रोजा इफ्तार कार्यक्रम में हजारों क्षेत्रवासी शामिल हुए। सभी ने एक साथ बैठकर इफ्तार किया। इफ्तार में खजूर, फल, पकौड़े और शरबत सहित कई पारंपरिक व्यंजन परोसे गए।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सौलत अली, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली, दूल्हा लंबरदार, ब्लॉक प्रमुख नवदीप यादव, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सैनी, नीरज चंद्रा, अज़ीम मलिक, जाहिद हुसैन, कुंदरकी ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि गुलाम जिलानी, रोहित सिंह, रविंद्र सिंह, ग्राम प्रधान राहिल, मुजाहिद, महफूज, मुजीबुल, शानू लम्बरदार, फारूक, रवि सक्सेना, जय सिंह, सोनू रस्तौगी, मेहंदी हसन सहित हज़ारों क्षेत्रवासी शामिल हुए।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल