कार्यकर्ताओं के साथ उप्र भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ में कांग्रेस दफ्तर का किया घेराव
लखनऊ, 22 जुलाई (हि.स.)। उप्र भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बुधवार को यहां लखनऊ में कांग्रेस पार्टी दफ्तर का घेराव किया।भाजपा का यह विरोध प्रदर्शन प्रधानमंत्री आवास के सामने राहुल गांधी के प्रदर्शन के विरोध में किया गया। पंकज चौधरी के साथ पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ ही अन्य नेता व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा ने लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था। तय कार्यक्रम के अनुसार सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता वीवीआईपी गेस्ट हाउस के सामने इकट्ठा हुए और कांग्रेस विरोधी नारे लगाये। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय की ओर कूच किया। पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरीकेडिंग लगा रखी थी। बाल संरक्षण आयोग के सामने लगी बैरीकेडिंग को हटाकर भाजपा कार्यकर्ता आगे निकल गये। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय से 100 मीटर पहले लगी बैरीकेडिंग पर रोका। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का—मुक्की भी हुई।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने जिस प्रकार से प्रधानमंत्री के निवास पर धरना दिया, वह उचित नहीं है। वह कहीं न कहीं संवेदनशील क्षेत्र है। उन्होंने सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया है। उसके विरोध में हम पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस कार्यालय तक प्रदर्शन कर रहे हैं। पंकज चौधरी ने कहा कि पेपर लीक करने वालों की गिरफ्तारी हुई है। उन्हें कठोरतम सजा भी दिलाई जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा है कि बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं, उनके भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, किन्तु प्रत्येक राजनीतिक दल एवं जनप्रतिनिधि का यह दायित्व भी है कि वह संवैधानिक मर्यादाओं और लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करें। विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर किया गया प्रदर्शन इन मर्यादाओं के अनुरूप नहीं था।
विरोध प्रदर्शन में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्र, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी रामचन्द्र प्रधान, विधायक राजेश्वर सिंह, विधायक डाॅ. नीरज बोरा, युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह व प्रकाश मिश्रा शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन