विपक्ष की नकारात्मक, भ्रम फैलाने वाली और अवसरवादी राजनीति को जनता समझ चुकी है : पंकज चौधरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों पर दी प्रतिक्रिया
लखनऊ, 20 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा दिए गए बयानों पर बुधवार को प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब विपक्ष की नकारात्मक, भ्रम फैलाने वाली और अवसरवादी राजनीति को पूरी तरह समझ चुकी है। जिन दलों ने दशकों तक देश की अर्थव्यवस्था, सामाजिक न्याय और संविधान को केवल अपने परिवार और वोटबैंक की राजनीति का माध्यम बनाया, आज वही लोग जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं।
चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वैश्विक स्तर पर बढ़ता सम्मान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को पच नहीं रहा है। आज भारत दुनिया की सबसे तेज गति से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
दुनिया के बड़े-बड़े राष्ट्र भारत के साथ रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी साझेदारी बढ़ाने को उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरे भारत के हितों को मजबूत करने, निवेश लाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए होते हैं, लेकिन राहुल गांधी हर राष्ट्रीय उपलब्धि में भी राजनीति और नकारात्मकता खोजने का काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि इटली में प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच सौहार्दपूर्ण संवाद को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी उनकी अपरिपक्व मानसिकता और हताशा को दर्शाती है।
अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में मित्रता, विश्वास और व्यक्तिगत संबंध भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी हमेशा भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करती रही है। राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा जितनी आज बढ़ी है, उतनी पहले कभी नहीं रही।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा देश में आर्थिक संकट की बात करना हास्यास्पद है। जब कांग्रेस की सरकार थी तब देश भ्रष्टाचार, घोटालों, नीति पक्षाघात और आर्थिक अस्थिरता से जूझ रहा था। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। रिकॉर्ड विदेशी निवेश आ रहा है, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे अभियान देश को आत्मनिर्भर बना रहे हैं। करोड़ों गरीबों को मुफ्त राशन, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। यह विकास और गरीब कल्याण की राजनीति है, जिसे विपक्ष देख नहीं पा रहा है।
चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं, संविधान और संवैधानिक पदों पर अनर्गल आरोप लगाकर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। जिस कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर संविधान की आत्मा को कुचलने का काम किया, आज वही संविधान की दुहाई दे रही है। देश की जनता जानती है कि संविधान की रक्षा और गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी तथा महिलाओं के अधिकारों को सबसे अधिक मजबूती भाजपा की सरकार ने दी है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा)अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को आरक्षण और सामाजिक न्याय पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। सपा सरकार के समय प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद चरम पर था। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया, कानून व्यवस्था ध्वस्त थी और गरीब तथा पिछड़े वर्ग केवल राजनीतिक नारे बनकर रह गए थे। भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू की और लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां देने का कार्य किया।
चौधरी ने कहा कि भाजपा सामाजिक न्याय और सबका साथ-सबका विकास के सिद्धांत पर कार्य करती है। आरक्षण संविधान प्रदत्त अधिकार है और भाजपा सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ उसे लागू कर रही है।
लेकिन समाजवादी पार्टी आरक्षण के नाम पर केवल समाज को बांटने और भ्रम फैलाने की राजनीति करती है। अखिलेश यादव को यह बताना चाहिए कि उनकी सरकार में कितने पिछड़े, दलित और गरीब युवाओं को निष्पक्ष अवसर मिले थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा