भाजपा की राष्ट्रीय टीम में उप्र का दबदबा, हरीश-स्मृति महासचिव और अमरपाल ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष

 






लखनऊ, 17 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा आज दिल्ली में घोषित की गयी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति में उत्तर प्रदेश का दबदबा है। यहां से आठ नेताओं को राष्ट्रीय टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गयी है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी और राहुल गांधी को अमेठी में शिकस्त देने वाली स्मृति ईरानी को महामंत्री बनाया गया है। राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्या को ओबीसी मोर्चा और कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। उप्र से ही राष्ट्रीय मंत्री पद पर सांसद डाॅ. भोला सिंह, संगीता यादव और उपाध्यक्ष पद पर रेखा वर्मा व तारिक मंसूर को नियुक्त किया गया है। ये सभी चेहरे अपने अपने क्षेत्र के जाने पहचाने चेहरे हैं।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक बनाने में जुटी भाजपा की नयी राष्ट्रीय कार्यसमिति में उप्र के अनुभवी, युवा, महिला और समाज के सभी वर्गों में स्वीकार्य नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गयी हैं। इनमें बस्ती से दो बार सांसद रहे और वर्तमान में राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मदारी दी गयी है। इन्होंने अपने गांव की संघ की शाखा और विद्यार्थी परिषद से सामाजिक जीवन की शुरुआत की। वर्ष 1990 से 1992 तक अपने ग्राम सभा की संघ शाखा में मुख्य शिक्षक के रूप में कार्य किया। 1991 से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संपर्क में आये और लंबे समय तक संगठनमंत्री समेत विभिन्न पदाें पर कार्य किया।

हरीश द्विवेदी 2005 से 2007 तक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशरीनाथ त्रिपाठी के राजनीतिक सलाहकार रहे। इस दौरान वह 2005 से 2007 तक भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री भी रहे, 2007 से 2010 तक भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे 2010 से 2013 तक भाजयुमो की यूपी इकाई के प्रदेश अध्यक्ष रहे। उन्होंने भाजयुमो द्वारा सक्रिय रूप से तिरंगा यात्रा में भाग लिया था। 2012 के विधानसभा चुनाव में उन्हें बस्ती सदर विधान सभा क्षेत्र से टिकट मिला, 2013 से अब तक वह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के रूप में काम कर रहे हैं। हरीश वर्ष 2014 व 2019 के आम चुनावों में भाजपा प्रत्याशी के रूप में बस्ती संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। विभिन्न संसदीय समितियों जैसे- ऊर्जा, सूचना और प्रौद्योगिकी, वित्त, प्राकलन व याचिका संबंधी स्थायी समिति के सदस्य हैं/ रह चुके हैं। भाजपा की राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय मंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व का भी निर्वहन कर चुके हैं। बिहार जैसे महत्त्वपूर्ण प्रदेश सह प्रभारी भी रहे हैं। हाल ही पार्टी ने राजस्थान जैसे बड़े राज्य के स्थानीय निकाय चुनाव का प्रभारी बनाया है।

उत्तर प्रदेश के अमेठी संसदीय सीट से राहुल गांधी को हराने वाली पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी को महासचिव बनाया गया है। भारतीय राजनीति में एक बड़ा चेहरा हैं और उनकी सक्रियता व वाकपटुता से गांधी परिवार हमेशा परेशान रहता है। हालांकि वर्ष 2024 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पडा लेकिन इसके बावजूद वह अमेठी में अपनी सक्रियता बनाए हुए हैं और कार्यकर्ताओं की मजबूती टीम तैयार की हैं। जानकाराें का मानन है कि तेज तर्रार महिला नेत्री के रूप में उनकी यह पारी उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने में कारगर साबित हाे सकती है।

राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य को अन्य पिछडा वर्ग मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। इसके पहले वे उत्तर प्रदेश भाजपा इकाई में महत्वपूर्ण पद पर रह चुके हैं। माना जाता है कि पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं में इनकी अच्छी पैठ का लाभ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिलेगा। इसी प्रकार पूर्व सांसद रेखा वर्मा और उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य प्रोफेसर तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गयी है। रेखा वर्मा लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाने में कामयाब हुई हैं। जबकि अनुसूचित जाति के बडे़ चेहरे और बुलंदशहर से सांसद डॉ भोला सिंह और पूर्वांचल की नेत्री संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री पद पर नियुक्त किया गया है। संगीता यादव वर्तमान में उप्र से राज्यसभा सांसद हैं।

उप्र के इन नेताओं काे मिली जिम्मेदारी

नाम पद

हरीश द्विवेदी महामंत्री

स्मृति ईरानी महामंत्री

तारिक मंसूर उपाध्यक्ष

रेखा वर्मा उपाध्यक्ष

संगीता यादव राष्ट्रीय मंत्री

डॉ भोला सिंह राष्ट्रीय मंत्री

अमर पाल मौर्या राष्ट्रीय अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा

कुंअर बासित अली राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह