चंद्रशेखर आजाद का त्याग और साहस देशवासियों को सदैव देता रहेगा प्रेरणा : गिरीश चंद्र यादव
जौनपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में भाजपा नेतृत्व के आह्वान पर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम के तहत क्रांति दिवस के अवसर पर रविवार को भाजपा जौनपुर नगर उत्तरी मंडल की ओर से शहीदों की प्रतिमाओं पर स्वच्छता, पुष्पांजलि एवं दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने टाउनहाल मैदान स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा तथा सब्जी मंडी स्थित भगत सिंह पार्क में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा की साफ-सफाई कर पूजन-अर्चन, पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद देश के महान और निडर क्रांतिकारी थे। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके त्याग और साहस से देशवासियों को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी।विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा रामसूरत मौर्य ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह की प्रतिमाओं का भव्य सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। नगर पालिका परिषद की ओर से विद्युत लाइटों से सजावट भी कराई जाएगी।भाजपा जिला महामंत्री संदीप तिवारी ने भगत सिंह के बलिदान को याद किया। कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश श्रीवास्तव 'बच्चा भईया' एडवोकेट ने कहा कि आजाद और भगत सिंह जैसे क्रांतिकारियों का त्याग देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।पूर्व जिला महामंत्री सुरेंद्र सिंघानिया ने लोगों से तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं नगर उत्तरी मंडल प्रभारी परविंद चौहान ने कहा कि शहीदों के सम्मान में आयोजित ऐसे कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन सहसंयोजक विजय केडिया ने किया। इस अवसर पर दीपक सिंह माटो, विकास शर्मा, अनिल गुप्ता, सनी चौधरी, प्रीति गुप्ता, विष्णु गुप्ता, कृष्ण कुमार साहू, आलोक सेठ, रमाशंकर सेठ, अमर जौहरी, दीपक जावा, दीपक श्रीवास्तव,गिरिजेश श्रीवास्तव, डॉ. उमाकांत श्रीवास्तव, सतेंद्र साहू, यशवंत साहू, राघवेंद्र दत्त दुबे, विकास अग्रहरी, विनय अग्रहरी, शिव कुमार मौर्य, कृष्ण कुमार जायसवाल, समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव