भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी की मौजूदगी में दाखिल करेंगे नामांकन
लखनऊ, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी राज्यसभा चुनाव-2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति ने अपने आठ प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। पार्टी ने इस बार संगठन और क्षेत्रीय समीकरणों को साधते हुए दिग्गज चेहरों पर दांव लगाया है।
भाजपा ने धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान, श्रुति गंगवार को राज्य सभा उम्मीदवार घोषित किया है।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में होगा नामांकन
भाजपा के सभी आठों प्रत्याशी मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन के दौरान सभी उम्मीदवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की उपस्थिति में विधानसभा जाकर पर्चा भरेंगे। इस मौके पर राज्य सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
नामांकन प्रक्रिया से पहले सभी प्रत्याशी मंगलवार सुबह भाजपा के मुख्यालय पर एकत्रित होंगे। यहाँ पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में एक संक्षिप्त बैठक के बाद सभी नेता सामूहिक रूप से नामांकन के लिए प्रस्थान करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन