धर्मपाल सिंह ने बूथ स्तर पर अभेद्य व्यूह रचना तैयार करने का दिया मंत्र

 


लखनऊ, 01 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बुधवार को विंध्यवासिनी गेस्ट हाउस, सर्वोदय नगर, लखनऊ में अवध क्षेत्र के जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं मंडल प्रशिक्षण प्रमुखों के साथ समीक्षा बैठक की l धर्मपाल सिंह ने अवध क्षेत्र के जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों के साथ बैठक में विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पूर्व तैयारी और पूर्ण तैयारी की नीति के साथ जुटने तथा बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल एवं जिला स्तर पर अभेद्य व्यूह रचना तैयार करने का मंत्र दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और प्रशिक्षण के माध्यम से अनुशासित कार्यकर्ताओं का निर्माण तथा परिश्रमी नेतृत्व तैयार होता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की पूंजी है, इसलिए हर कार्यकर्ता को उसकी योग्यता और क्षमता के आधार पर दायित्व सुनिश्चित किया जाए। विपक्ष के हर भ्रम, झूठ, फरेब और षड्यंत्र को विफल करते हुए 2027 में अभूतपूर्व विजय की ओर बढ़ना हैl

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 की बैठक में कहा कि भारतीय जनता पार्टी में प्रशिक्षण के माध्यम से अनुशासित कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्र तथा समाज के लिए समर्पित आदर्श नागरिकों का निर्माण होता है। इसलिए प्रशिक्षण वर्गों को कर्मयोगी कार्यकर्ताओं की जीवंत साधना कहा जाता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मंडल प्रशिक्षण वर्गों में सांसद, विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधियों तथा अपेक्षित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए रात्रि प्रवास सुनिश्चित होना चाहिए। मंडल प्रशिक्षण वर्गों की तैयारी में औपचारिकता नहीं, बल्कि वैचारिक रूप से सुदृढ़ एवं व्यवहार में अनुशासित, परिश्रमी नेतृत्व तैयार करने का ध्येय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता विचार से दृढ़ और व्यवहार से विनम्र होगा, तभी राष्ट्र जीवन में समरसता, सेवा और संगठन की शक्ति का वास्तविक प्रसार संभव होगा।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, अनुशासन और कार्यकुशलता को नई दिशा देगा। यह अभियान कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, सेवा कार्यों और जनसंपर्क अभियानों से जोड़ते हुए उन्हें अधिक प्रभावी बनाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन