भाजपा कार्यकर्ता 2027 को लेकर बूथ स्तर पर सक्रिय हों : संजय गुप्ता

 


प्रयागराज, 08 अप्रैल (हि.स)। सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय में बुधवार को प्रयागराज महानगर के मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ता 2027 को लेकर बूथ स्तर पर सक्रिय हो जाएं।

संगठनात्मक कार्यों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि 16 व 17 अप्रैल को सभी मंडलों के शक्ति केंद्र प्रभारियों, सेक्टर संयोजकों व बूथ समितियों के सत्यापन का कार्य किया जाएगा। इसके लिए मंडलों में प्रवासियों की टीम बनाई गई है जो मंडल अध्यक्ष के साथ मिलकर कार्य करेंगे। इस कार्य पर सीधे प्रदेश व केंद्रीय नेतृत्व की नजर है। इसलिए इसमें किसी प्रकार की ढिलाई न बरते। बूथ स्तर पर सटीक रणनीति तैयार करने में लग जाएं।

वहीं 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाने को लेकर महानगर अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहेब हमारे लिए आस्था का केंद्र हैं। 14 अप्रैल को उनकी जयंती की पूर्व संध्या पर यानी 13 अप्रैल को सभी मंडलों में बाबा साहेब के प्रतिमा स्थल पर साफ सफाई व दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम किया जाएगा। महानगर इकाई द्वारा इलाहाबाद हाईकोर्ट चौराहा स्थित अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर स्वच्छता व दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम किया जाएगा। अगले दिन 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती पर महानगर के सभी मंडलों के समस्त बूथों पर बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि व गोष्ठी तथा महानगर इकाई द्वारा हाईकोर्ट चौराहा स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण का कार्यक्रम होगा।

उन्होंने आगे कहा कि 13, 14 व 15 अप्रैल को अनुसूचित जाति की बस्तियों, छात्रावासों में विशेष संपर्क अभियान चलाया जाएगा। 16 व 17 अप्रैल को बाबा साहेब पर विधानसभा स्तर पर सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि अब संगठन पूरी तरह से चुनावी मोड में हैं और इन सभी अभियानों कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग सीधे हाईकमान से हो रही है। इसलिए कार्यकर्ता पूरी मेहनत व लगन से लग जाएं।

मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा ने बताया कि इस अवसर पर कुंज बिहारी मिश्रा, अनिल केसरवानी, आनंद सोनकर, प्रमोद मोदी, डॉ शैलेश कुमार पांडेय, रमेश पासी, विक्रमजीत भदौरिया, अरुण पटेल, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, सचिन जायसवाल, दीप द्विवेदी, कंचनलता कुशवाहा, वंदना शर्मा, प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव, जिला जिला मीडिया सह प्रभारी विवेक मिश्रा, चंद्रा अहलूवालिया, सोशल मीडिया प्रभारी सुजीत कुशवाहा सहित सभी 15 मंडलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र