वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का केंद्र मंडल होगा : धर्मपाल सिंह

 


लखनऊ, 30 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का केंद्र मंडल होगा। मंडल की सक्रियता से ही शक्ति केंद्र मजबूत होंगे और शक्ति केंद्रों की मजबूती से बूथ सशक्त होंगे, जो भारतीय जनता पार्टी की विजय का आधार बनेंगे।

गुरुवार को आज़मगढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मंडल की संरचना संगठन की धुरी है। आदर्श मंडल के निर्माण से ही मजबूत शक्ति केंद्र और सशक्त बूथ का निर्माण होता है, जिससे जिला एवं प्रदेश संगठन को मजबूती मिलती है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंडल में नियमित बैठकें आयोजित हों तथा बैठक कार्यवाही रजिस्टर का सुव्यवस्थित संधारण अनिवार्य रूप से किया जाए। प्रत्येक बैठक में विगत अभियानों एवं कार्यक्रमों की समीक्षा हो तथा आगामी कार्यक्रमों को पहले से अधिक प्रभावी और व्यापक बनाने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जाए।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने समरसता संकल्प अभियान प्रारंभ किया है। यह अभियान जन-जन तक गुरु रविदास जी विचारों को पहुँचाने तथा भारतीय संस्कृति, धर्म और सामाजिक समरसता के लिए उनके योगदान से समाज को परिचित कराने का माध्यम बनेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कराया, ताकि नई पीढ़ी उनके जीवन, संघर्ष और विचारों से प्रेरणा प्राप्त कर सके।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि अनुसूचित मोर्चा को अनुसूचित जाति वर्ग के बीच केंद्र की मोदी सरकार एवं प्रदेश की योगी सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए किए गए कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एल लेकर पहुंचना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न कोई सकारात्मक दृष्टि है और न ही विकास का कोई विजन। वह केवल अपने परिवारों को सत्ता में स्थापित करने की राजनीति करता है। इसी उद्देश्य से विपक्ष झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार फैलाने का कार्य कर रहा है। हमें सजग रहकर तथ्यों के आधार पर विपक्ष के प्रत्येक भ्रामक प्रचार का प्रभावी उत्तर देना है और विपक्ष के प्रत्येक निगेटिव नरेटिव को ध्वस्त करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन