प्रधानमंत्री मोदी पर मल्लिकार्जुन खड़गे की विवादित टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने किया प्रदर्शन
लखनऊ, 26 अक्टूबर (हि.स.) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर इकाई की ओर से सोमवार को लखनऊ में विरोध प्रदर्शन किया गया।
यह प्रदर्शन भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के नेतृत्व में किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस कथित टिप्पणी पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए हजरतगंज स्थित लालजी टंडन की प्रतिमा स्थल से लेकर हजरतगंज चौराहे तक एक विरोध मार्च निकाला और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष के बयान को अमर्यादित बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। भाजपा एमएलसी मुकेश शर्मा ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे का बयान बेहद आपत्तिजनक है। इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। नरेंद्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री हैं। इससे करोड़ों देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। उनके बारे में इस प्रकार की टिप्पणी करना कांग्रेस नेता की मानसिकता को दर्शाती है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन