फर्रुखाबाद में भाजपा की नई कार्यकारिणी घोषित होते ही पार्टी में फूटने लगे बगावत के स्वर
फर्रुखाबाद, 22 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई जिला कार्यकारिणी के गठन के बाद फर्रुखाबाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। संगठन के भीतर ही असंतोष के स्वर खुलकर सामने आने लगे हैं। खासकर पिछड़े और दलित वर्ग से जुड़े नेताओं में निराशा और उपेक्षा की भावना देखी जा रही है।
सामाजिक संतुलन पर उठे सवाल
जिले में भाजपा के घोषित 24 सदस्यीय कार्यकारिणी में से 16 पदाधिकारी सवर्ण समाज हैं, जिससे संगठन में सामाजिक संतुलन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हैं और सोशल मीडिया पर भी कार्यकर्ताओं की नाराजगी खुलकर सामने आ रही है।
पूर्व पदाधिकारी ने उठाए सवाल
भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने सोशल मीडिया पर जिला उपाध्यक्ष संदेश राजपूत को लेकर टिप्पणी करते हुए कार्यकारिणी गठन पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि “जमीनी और पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर नए चेहरों को तरजीह देना संगठन के लिए नुकसानदायक हो सकता है। वहीं, अन्य पिछड़ा वर्ग के नेताओं को अपेक्षित प्रतिनिधित्व न मिलने की बात भी सामने आ रही है।
जय गंगवार और सुनील रावत जैसे नेताओं को टीम में स्थान न मिलने से उनके समर्थकों में खासा असंतोष है। स्थानीय राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि संगठन सामाजिक समीकरण साधने में कहीं न कहीं चूक गया है।
जिलाध्यक्ष फतेहचंद राजपूत ने बताया कि कार्यकारिणी में वास्तव में 21 सदस्य ही शामिल हैं। 3 पद (आईटी संयोजक, मीडिया सह प्रभारी, कार्यालय प्रभारी) पदेन होते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जय गंगवार का नाम जिला महामंत्री पद के लिए भेजा गया था, लेकिन उनके चीनी मिल में पदस्थ होने के कारण उन्हें शामिल नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि पार्टी में कही कोई असंतोष नही है।
वहीं दूसरी तरफ भाजपा की इस नई कार्यकारिणी को लेकर जनपद में सियासी चर्चाएं चरम पर हैं। राजनीति के जानकारों का मानना है कि यदि पार्टी इस असंतोष को समय रहते दूर नहीं करती, तो इसका असर आने वाले चुनावों में संगठन की एकजुटता और रणनीति पर पड़ना तय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar