राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस पर भाजपा नेताओं ने की खरीदारी, स्वदेशी अपनाने का दिया संदेश

 


देवरिया, 07 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने सिविल लाइंस रोड स्थित यूपी हैंडलूम पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी की और लोगों से भारतीय उत्पादों को अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में किसान मोर्चा प्रभारी एवं भाजपा जिला महामंत्री श्री निवास मणि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के आह्वान के अनुरूप भारतीय जनता पार्टी 'हर घर स्वदेशी' अभियान के माध्यम से लोगों को स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग के लिए जागरूक कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस भारत की समृद्ध हथकरघा परंपरा, बुनकरों और कारीगरों के कौशल, रचनात्मकता एवं समर्पण को सम्मान देने का अवसर है। पीढ़ियों से भारतीय बुनकर अपनी शिल्पकला के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और समृद्ध करते आ रहे हैं।

भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 7 अगस्त को राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस मनाया जाता है। यह दिन वर्ष 1905 में शुरू हुए स्वदेशी आंदोलन की स्मृति में मनाया जाता है, जब स्वतंत्रता सेनानियों ने विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया था।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस का उद्देश्य पारंपरिक हथकरघा उद्योग, बुनकरों के योगदान और स्वदेशी की भावना को सम्मान देना तथा लोगों को भारतीय हथकरघा उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर अम्बिकेश पांडेय, रजनीश तिवारी, विजेंद्र चौहान, अरुण मिश्र, डॉ. विनोद पांडेय और सुधीर पाठक सहित भाजपा किसान मोर्चा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक