बीजेपी नेता शाह शब्बीर को मेडिकल के लिए पैदल ले गई पुलिस, वीडियो वायरल
जौनपुर,26 फरवरी (हि.स.)। यूपी के जफराबाद पुलिस का कस्बे में कब्र की खुदाई को लेकर हुए विवाद के बाद एक नया घटनाक्रम सामने आया है। गुरुवार शाम करीब 5 बजे पुलिस भाजपा नेता शाह शब्बीर हुसैन को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल ले गई। इस दौरान सवारी न मिलने पर उन्हें पैदल ले जाने का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।शाह शब्बीर हुसैन स्वयं को विश्व बजरंग सेवा समिति (गौ रक्षक समाजसेवी संगठन) से जुड़ा बताते हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि जफराबाद में कब्र को जेसीबी से खोदने की बात कही जा रही थी, जिसका उन्होंने विरोध किया। उनके अनुसार, धार्मिक परंपराओं का हवाला देने पर विवाद बढ़ गया।मामला 25 फरवरी की शाम का है, जब नगर पंचायत कार्यालय के पास कब्र की खुदाई को लेकर कहासुनी हुई। शिकायत के अनुसार, चेयरमैन पति डॉ. सरफराज खान और उनके समर्थकों पर शाह शब्बीर से मारपीट का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई और उनका मोबाइल फोन भी टूट गया। उन्हें हाथ की उंगली, पेट और पीठ में चोट की शिकायत बताई गई है। इस संबंध में उनके भाई ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुश श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में तथ्य सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव