भाजपा प्रवक्ता ने झालमुड़ी बांटकर मनाया पश्चिम बंगाल चुनाव में बढ़त का जश्न

 


वाराणसी, 04 मई (हि. स.)। वाराणसी में अस्सी स्थित पप्पू की चाय की अड़ी पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अशोक पाण्डेय ने चाय पीने आए सभी लोगों को झालमुड़ी बांटकर पश्चिम बंगाल की विजय का जश्न मनाया। पश्चिम बंगाल में भाजपा के बड़ी सीटों पर बढ़त बनाने के बाद ही अस्सी पर पप्पू की चाय की दुकान पर लोगों का पहुंचना शुरू हुआ और सभी झालमुड़ी खाकर प्रसन्नता जाहिर करते रहे।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अशोक पाण्डेय ने कहा कि झालमुड़ी खाएंगे और ममता को हराएंगे, यह कहा गया था और करके दिखाया गया है। रावण को मारकर जब श्रीराम जी अयोध्या लौटे थे, जो खुशी उस वक्त अयोध्या के लोगों को थी, वही खुशी आज पश्चिम बंगाल में भाजपा की विजय पर पूरे देश भर में भाजपा के कार्यकर्ताओं में है।

अशोक पाण्डेय ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में हिंसा कर अपने मंसूबों को पूरा करने वाली ममता दीदी गई। आज है 4 मई और ममता दीदी गई। वाराणसी में हम सभी को आशीर्वाद देने वाली मां गंगा का आशीर्वाद भी पश्चिम बंगाल के लोगों को मिल गया है। मां काली की पूजा भी की गई थी, मां काली का भी आशीर्वाद हम लोगों को मिला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद