भाजपा जौनपुर ने जिला कार्यकारिणी की घोषणा की, संगठन को मजबूत करने पर जोर
जौनपुर,03 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में बीजेपी जौनपुर इकाई ने संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को नई जिला कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। यह घोषणा प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन और स्वीकृति के बाद की गई है।प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति पर जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने जिला कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया। नवगठित टीम में अनुभवी, कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ताओं को स्थान दिया गया है, जो संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और सक्रियता के लिए जाने जाते हैं।जिलाध्यक्ष ने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करेंगे तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” ही कार्यप्रणाली का आधार रहेगा और इसी के तहत जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने बताया कि नई कार्यकारिणी में जिला उपाध्यक्ष के रूप में पंकज मिश्रा, राज पटेल, परविंद चौहान, अमित श्रीवास्तव, विनय सिंह, अजय सरोज, नीरज मौर्य और श्रीमती पुष्पा निषाद को जिम्मेदारी दी गई है। जिला महामंत्री के रूप में पीयूष गुप्ता, संदीप तिवारी और अजय सिंह को नियुक्त किया गया है।जिला मंत्री पद पर संतोष मिश्रा, राजकेशर पाल, धर्मेंद्र मिश्रा, डॉ. देवी प्रसाद सिंह, श्रीमती अंशू, नीरज मौर्य, राजेश गुप्ता, सुधांशु सिंह और विकास शर्मा को शामिल किया गया है। वहीं, श्रीमती रीता जायसवाल को जिला कोषाध्यक्ष तथा नारायण दास चौरसिया को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा दीपक सिंह (मांटो) को जिला कार्यालय मंत्री, घनश्याम यादव को सह मंत्री, आमोद सिंह को जिला मीडिया प्रभारी और डॉ. अमरनाथ पांडेय व विशाल गौतम को सह मीडिया प्रभारी बनाया गया है। आईटी और सोशल मीडिया टीम में भी कई पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव