बलरामपुर में भाजपा की जन आक्रोश महिला रेली में विपक्ष पर हमला, किया राहुल व अखिलेश का पुतला दहन
महिलाओं का सम्मान व सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : राकेश सचान
बलरामपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर जिला पंचायत सभागार में सोमवार को “नारी शक्ति का स्वाभिमान, विपक्ष ने फिर किया अपमान” विषय पर जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद प्रभारी मंत्री राकेश सचान सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री रहे।
प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले बयान देकर समाज में गलत संदेश दे रहे हैं, जिसका महिलाओं को जागरूक होकर विरोध करना चाहिए।
पूर्व राज्य मंत्री एवं सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि नारी शक्ति समाज और राष्ट्र की आधारशिला है। महिलाओं के सम्मान से ही समाज का समग्र विकास संभव है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दल राजनीतिक लाभ के लिए महिलाओं से जुड़े मुद्दों का दुरुपयोग कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
कार्यक्रम में अंजली मिश्र एवं ललिता तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर और सजग बनने का आह्वान किया।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर नारी सम्मान और अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। सम्मेलन के दौरान महिला सशक्तिकरण, आत्म निर्भरता और सामाजिक समानता जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के उपरांत जिला पंचायत सभागार से संतोषी माता मंदिर चौराहा तक पदयात्रा निकाली गई, जहां महिलाओं ने राहुल गांधी एवं अखिलेश यादव का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रवि मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, पूर्व विधायक गैसड़ी शैलेष कुमार सिंह ‘शैलू’ सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों की महिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन