महिला आरक्षण बिल को लेकर लोगों को गुमराह कर रही है बीजेपी : नरेश उत्तम पटेल
नोएडा, 11 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के यूपी के फतेहपुर से सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार महिला आरक्षण बिल को सीधे-सीधे लागू करने के बजाय उसमें परिसीमन का अड़ंगा क्यों लगा रही है।
उन्होंने कहा कि जब 2023 में महिला आरक्षण बिल पास हो चुका है, तो इसमें बीजेपी परिसीमन का अड़ंगा लगाकर क्यों लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण बिल के पूरी तरह से पक्ष में है, लेकिन भाजपा महिला आरक्षण बिल की आड़ में अपना उल्लू सीधा करना चाह रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को किसी भी फसल पर उत्तर प्रदेश सरकार एमएसपी नहीं दे रही है। यूपी के शहरों में हत्या, लूट, स्नैचिंग, राहजनी की वारदातें बढी है। पीड़ित थानों में मुकदमा दर्ज करवाने जाते हैं तो रिपोर्ट दर्ज नहीं की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और गरीबी चरम पर है। शिक्षित युवक नौकरी पाने के लिए दर-दर की ठोकरे खा रहे हैं। उन्होंने गैस की किल्लत को भी भाजपा सरकार की विफलता बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्ष 2027 के विधान सभा चुनाव में यूपी की पर्ची- खर्ची वाली सरकार बदल जाएगी।
सपा सांसद सोमवार शाम को नोएडा महानगर के पूर्व अध्यक्ष दीपक विग के सेक्टर 12 स्थित आवास पर अपनी पत्नी विजय लक्ष्मी उत्तम के साथ पहुंचे। इस दौरान पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग, उनकी धर्मपत्नी निलम विग, सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (छात्र सभा) अतुल यादव, उत्तर प्रदेश प्रदेश सपा कार्यकारिणी सदस्य गौरव सिंघल, सपा प्रवक्ता गौरव चाचरा, सपा यूथ बिग्रेड अध्यक्ष केपी यादव, पूर्व महिला सभा अध्यक्ष सुनीता शारदा, पूर्व कोषाध्यक्ष दिनेश यादव, पूर्व मीडिया प्रभारी बिलाल बर्नी और भारी संख्याओं में सपा के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
सपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने वर्ष 2027 के चुनाव की तैयारी में अभी से एकजुट होकर जी-जान से जुटने की अपील की। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने नोएडा विधानसभा सीट पर किस प्रत्याशी को चुनाव मे टिकट दिया जाए, इस बात को लेकर भी सपा के नेताओं से विचार विमर्श किया। नरेश उत्तम सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खासे नजदीकी बताए जाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी