हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार, भाजपा ने आयोजित की जिला कार्यशाला

 




जौनपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मछलीशहर की ओर से तरफ से को जिला कार्यालय में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में 10 से 14 अगस्त तक चलने वाले अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि एवं काशी क्षेत्र के क्षेत्र महामंत्री तथा जिला प्रभारी संतोष सिंह पटेल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के बलिदान के प्रति श्रद्धा एवं राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अभियान है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ यह अभियान आज जन-जन का अभियान बन चुका है। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव, बूथ-बूथ और घर-घर जाकर लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि तिरंगा किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग को अभियान से जोड़ने तथा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखते हुए अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने की अपील की। साथ ही मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों को अभियान की जिम्मेदारियां भी सौंपीं।

पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन अभियान के जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष मोहन राजभर ने किया। इस अवसर पर भूमि विकास बैंक के निदेशक डॉ. अजय सिंह, अखिलेश सिंह, बांके बिहारी सिंह, दिनेश सोनकर, संतोष मिश्रा, स्कन्द पटेल, अखिल प्रताप सिंह, अनुपमा राय, के.पी. मिश्रा, राजेश सिंह, अतुल कुमार पांडेय, रणविजय सिंह, हरिश्चंद्र मौर्य, ऊषा किरण, मीना पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव