संविधान की रक्षा भाजपा ने की, विपक्ष फैलाता रहा भ्रम: दिनेश शर्मा

 


कानपुर, 26 जून (हि.स.)। विपक्ष के नेता अब भगवान श्रीराम और राम मंदिर के प्रति अपना रुख बदलने लगे हैं तथा आने वाले समय में कई बड़े नेता भी रामलला के दर्शन करते नजर आएंगे। कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र और संविधान की भावना को सबसे बड़ा आघात पहुंचाया था, जबकि भारतीय जनता पार्टी संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। साथ ही उन्होंने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत का दावा भी किया। यह बातें पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने शुक्रवार को कानपुर में संविधान हत्या दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहीं।

डॉ. शर्मा ने कहा कि जो राजनीतिक दल और नेता पहले राम मंदिर जाने से बचते थे, अब वही अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि समय के साथ विपक्ष को अपनी राजनीति बदलनी पड़ी है और जनता के सामने उनकी पुरानी बातें भी हैं।

उन्होंने कहा कि जल्द ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी रामलला के दर्शन करते दिखाई देंगे। राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ये सभी नेता भी मंदिर में पूजा-अर्चना करते नजर आएंगे।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस दौर में संविधान की मूल भावना को कुचलने का काम किया गया, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता।

उन्होंने विपक्ष पर तुष्टिकरण और समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब ऐसे राजनीतिक हथकंडों को समझ चुकी है। डॉ. शर्मा ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा पहले से अधिक सीटों के साथ जीत दर्ज करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप