सपा नेताओं ने सड़क बदहाली को लेकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन
देवरिया, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बरहज विधानसभा क्षेत्र के जर्जर सोनूघाट-बरहज मार्ग के निर्माण और सड़क पर बने गड्ढों को भरवाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) नेताओं ने बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा।
इस दौरान सपा नेता विजय रावत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और पीडब्ल्यूडी विभाग इसकी बड़ी मिसाल बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों से सोनूघाट-बरहज मार्ग जर्जर हालत में पड़ा है, लेकिन विभागीय अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
विजय रावत ने कहा कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत और गड्ढों को भरने का कार्य नहीं कराया गया तो समाजवादी पार्टी जनहित में सड़क पर उतरकर आंदोलन और धरना प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि मोहन सेतु का टेंडर होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ रही है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अमित प्रधान, छात्र नेता सूरज यादव, मनीष सिंह, मनोज कुमार, दिनेश यादव, अभिषेक सिंह और राहुल यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक