भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता ही सर्वाेपरि : पंकज चौधरी

 






स्थापना दिवस पर प्रदेशभर में पुराने कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित

लखनऊ, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी का 47वाँ स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से प्रदेशभर में मनाया गया। स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश के सभी जिला कार्यालयों पर ध्वजारोहण किया गया और पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने—अपने घरों पर पार्टी का झण्डा लगाकर स्थापना दिवस समारोह मनाया।

सोमवार को राजधानी लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह और प्रदेश महामंत्री संजय राय की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। वहीं सायंकाल राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल में जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के 300 से अधिक वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। आयोजित “गौरव सम्मान समारोह” में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह तथा कार्यक्रम के संयोजक युवा नेता नीरज सिंह ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को केसरिया अंगवस्त्र पहनाकर, वस्त्र एवं साहित्य भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमाओं के समक्ष समूह छायाचित्र भी कराया।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के लिए राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल से अधिक उपयुक्त स्थान और कुछ हो ही नहीं सकता था। उन्होंने कहा कि यह स्थल केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का केंद्र है। यह स्थान हमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के एक देश, एक विधान के संकल्प, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के दर्शन तथा श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन की याद दिलाता है।

भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता ही सर्वाेपरि

पंकज चौधरी ने कहा कि आज का यह गौरव सम्मान समारोह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि इस बात का सशक्त संदेश है कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता ही सर्वाेपरि है। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हो रहे वरिष्ठ कार्यकर्ता वे कर्मयोगी हैं, जिन्होंने अपने संघर्ष, तप, त्याग और समर्पण से संगठन को सींचा है। उन्होंने कहा कि जो बीज कभी इन कार्यकर्ताओं ने बोया था, वह आज एक विशाल वटवृक्ष के रूप में देश और समाज की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं रखती, यही कारण है कि आज यह पार्टी देश की सबसे विश्वसनीय राजनीतिक शक्ति और विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि आज के कार्यकर्ताओं को वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के जीवन, व्यवहार और संघर्ष से प्रेरणा और दिशा मिलती है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की यह यात्रा आसान नहीं रही। उन्होंने स्मरण कराया कि कभी मात्र दो लोकसभा सीटों से शुरुआत करने वाली पार्टी आज केंद्र में लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार चला रही है और देश के अनेक राज्यों में भाजपा अथवा भाजपा समर्थित सरकारें कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक दिन की नहीं, बल्कि पीढ़ियों के संघर्ष, संगठन की तपस्या और लाखों कार्यकर्ताओं के समर्पण का परिणाम है।

चौधरी ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार है। आज जो सरकारें बनी हैं, वे किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं के पसीने, संघर्ष, तप और समर्पण की सरकारें हैं। बूथ स्तर तक जाकर कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क, विश्वास निर्माण और संगठन विस्तार का जो कार्य किया, उसी का परिणाम है कि आज भाजपा जनविश्वास का सबसे बड़ा केंद्र बनी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना या सरकार बनाना नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करना है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन