भाजपा जाति की नहीं विकास की करती है राजनीति : जयवीर सिंह
फिरोजाबाद, 28 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को ब्राह्मण विधायकों के कुटुंब भोज को लेकर उठे विवाद पर कहा कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने सपा व कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह रविवार को फिरोजाबाद जिले के फरिहा कस्बे में आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री, भाजपा के संस्थापक सदस्य, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने मूल्य-आधारित राजनीति को आगे बढ़ाते हुए विकास और सुशासन की मजबूत नींव रखी। अटल ऐसे राजनेता थे, जिन्होंने सिद्धांतों और विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया, भले ही इसके लिए उन्हें अपनी सरकार गंवानी पड़ी। उनके नेतृत्व में भारत ने पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण किया और कारगिल युद्ध में दुश्मनों को करारा जवाब दिया।
पर्यटन मंत्री ने मीडिया से बात करते हुए ब्राह्मण विधायकों के कुटुंब भोज को लेकर उठे विवाद पर कहा कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब दावत होती है तो सबसे पहले अपने लोगों को ही बुलाया जाता है, इसमें आपत्ति किस बात की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया इस मुद्दे को बेवजह तूल दे रही है और केवल मसाला तलाश रही है।
इसके साथ ही उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा विधायकों को दी गई नसीहत पर बोलते हुए कहा कि यह एक सैद्धांतिक बात थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा जाति की राजनीति नहीं करती और पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार का मतभेद या लड़ाई नहीं है।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा भाजपा के वोट कटने संबंधी बयान पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि यह उनकी गलतफहमी है और इसका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है।
पर्यटन मंत्री ने कांग्रेस द्वारा जी राम जी को लेकर किए गए प्रदर्शन के सवाल पर कहा कि पहले लोगों को 100 दिन का काम मिलता था, अब 125 दिन हो गया है, यह सरकार की उपलब्धि है।
वहीं, दिग्विजय सिंह द्वारा आरएसएस की तारीफ किए जाने पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि अच्छी विचारधारा की तारीफ सभी करते हैं, इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है।
इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व नेताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़