देवरिया : भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंजा शहर, शहीद रामचंद्र विद्यार्थी को किया नमन

 




-भाजपा नगर इकाई ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा

देवरिया, 12 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नगर इकाई की ओर से बुधवार को नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नगरवासी यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ गायत्री शक्तिपीठ से हुआ। यहां से यात्रा कसया रोड, ओवरब्रिज, मालवीय रोड और सुभाष चौक होते हुए शहीद रामचंद्र विद्यार्थी के स्मारक स्थल पर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। मुख्य अतिथि सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी और विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने भी यात्रा में सहभागिता की।

समापन स्थल पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीद रामचंद्र विद्यार्थी को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह स्वतंत्रता संग्राम, वीर शहीदों के त्याग और करोड़ों भारतीयों की राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करना है। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों का आभार जताया।

यात्रा में निवर्तमान जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, मार्कंडेय शाही, पूर्व विधायक डॉ. सत्य प्रकाश मणि त्रिपाठी, राजेश मिश्रा, श्रीनिवास मणि, अजय शाही, अभयनाथ त्रिपाठी, हरेंद्र जायसवाल, नीरज शाही, डॉ. अभय मणि त्रिपाठी, रवि पाल, संदीप शाही, सुधीर मधेशिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक