बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो जीते
मुरादाबाद, 28 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र सीट के लिए हो रहे चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बिजनौर जिला निवासी हाजी दानिश अख्तर को 17 हजार 676 मतों से हरा दिया। डॉ. हरि सिंह ढिल्लो
को 21 हजार 672 और हाजी दानिश अख्तर को तीन हजार 996 मत मिले। तीसरे स्थान पर डॉ. सुनीत गिरी रहे। उन्हें दाे हजार 145 वोट, चौथे स्थान पर रहे संजय मिश्र को 981 मत, पांचवें स्थान पर विमलेंद्र कुमार शर्मा काे महज 622 मत प्राप्त हुए।
वर्ष 2020 में हुए बरेली मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर हरि सिंह ढिल्लों 7963 मताें से जीते थे। उस चुनाव में उन्होंने सपा के प्रत्याशी संजय मिश्रा को हराया था। 2020 में डॉ हरि सिंह ढिल्लों को 12 हजार 827 और सपा के संजय मिश्रा चार हजार 864 वोट मिले थे।
इस बार 23 अक्टूबर को हुए मतदान में 73.69 फीसदी अर्थात 35 हजार 149 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था। मंगलवार को सुबह बरेली स्थित संजय गांधी कम्युनिटी हाल में सुबह आठ बजे एमएलसी चुनाव की मतगणना प्रारंभ हुई। परिणाम देर रात दाे बजे घोषित हुआ। सबसे पहले मतपेटियों से मतपत्रों को निकालकर 50-50 के बंडल बनाए गए। यह कार्य सुबह आठ से दोपहर बाद करीब तीन बजे तक चला। उसके बाद अपराह्न चार बजे मतगणना शुरू हुई।
रिटर्निंग ऑफिसर शंभू कुमार ने बताया कि बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हरी सिंह ढिल्लो को 21 हजार 672, सपा के हाजी दानिश को तीन हजार 996, डॉ. सुनीत गिरी को दाे हजार 143, डॉ. राजेंद्र गंगवार को एक हजार 573, संजय कुमार मिश्रा को 981, विमलेंद्र शर्मा को 601, डॉ. राजीव कुमार को 481, रेनू मिश्रा को 126, रमेश चंद्र को 105, नरेश कुमार शर्मा को 113, नाज रिजवी को 59, राजकुमार सिंह को 44, नेत्रपाल को 31, बहार आलम को 21, विद्युत कुमार को 12, हरेंद्र सिंह को 11, रोहित अल्ताफ को नाै मत मिले। कुल 3181 मत अस्वीकृत कर दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल