भाजपा का लक्ष्य सुल्तानपुर की सभी पांच विधानसभा सीटों पर कमल खिलाना : अशोक चौरसिया
सुलतानपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काशी क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने शुक्रवार काे कहा कि पार्टी का मुख्य फोकस अब बूथ स्तर के तंत्र को मजबूत और चुस्त-दुरुस्त करना है। हमारी पूरी कोशिश नीचे की टीम, बूथ समिति, बूथ अध्यक्ष और पन्ना प्रमुखों को सशक्त करने की है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य सुल्तानपुर की सभी पांच विधानसभा सीटों पर कमल खिलाना है।
श्री चौरसिया ने शुक्रवार को बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अब मात्र छह महीने का समय शेष है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज के हर वर्ग, जाति और श्रेणी तक पहुंच बनाने के लिए एक विशेष योजना पर काम कर रही है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और उन्हें भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने जीत का फॉर्मूला बताते हुए कहा कि 'सी' श्रेणी के बूथों को 'बी' में और 'बी' श्रेणी वाले बूथों को 'ए' श्रेणी में लाने का प्रयास किया जा रहा है। सभी कमजोर बूथों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, चाहे विधानसभा जीती हुई हो या हारी हुई। श्री चौरसिया ने दावा किया कि यदि कार्यकर्ता पूरी ताकत से खड़े हो गए, तो आगामी चुनाव में विपक्ष का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।
भाजपा काशी क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया के प्रथम जनपद आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी के नेतृत्व में धम्मौर से लेकर जिला कार्यालय तक जगह- जगह फूल-मालाओं ढोल बाजे से उनका भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त