सेवा संकल्प अभियान से हर वर्ग तक हाेगी पहुंच, फिर उत्तर प्रदेश में बनेंगी भाजपा सरकार : शंकर लाल लोधी

 


कानपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाकर संगठन को और मजबूत करना है। सरकार और संगठन के समन्वय से अभियान को व्यापक जनअभियान का रूप दिया जाएगा। इसी जनअभियान से जनता एक बार फिर आशीर्वाद देकर उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएगी। यह बातें मंगलवार को भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी ने कहीं।

80 फीट रोड स्थित सम्राट गेस्ट हाउस में भाजपा कानपुर उत्तर की कार्यशाला जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में हुई। इसमें 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की गई। शंकर लाल लोधी ने अभियान के तहत होने वाले 12 प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि इनके माध्यम से संगठन की पहुंच समाज के हर वर्ग तक बढ़ाई जाएगी।

अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के अंतर्गत चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक, ‘आंगन का उत्सव’ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, ‘कहानी बदलाव की’ के तहत प्रत्येक शक्ति केंद्र पर 10 लाभार्थियों की रील, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सरकार आपके द्वार’, मानव रंगोली और राष्ट्रीय नवाचार चुनौती आयोजित की जाएगी।

भाजपा की योजना इन कार्यक्रमों के जरिए बच्चों, महिलाओं, युवाओं, लाभार्थियों और आम नागरिकों के बीच संगठन की सीधी पहुंच बढ़ाने की है। लाभार्थियों की रील, नुक्कड़ नाटक, यात्राओं और जनभागीदारी वाले कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर रहेगा।

शंकर लाल लोधी ने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य संगठन को मजबूत करने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों से सीधा संवाद स्थापित करना है। भाजपा इसे 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मान रही है।

अभियान संयोजक एवं जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा रखी। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने प्रस्तावना प्रस्तुत की। संचालन जिला उपाध्यक्ष शिवांग मिश्रा ने किया। जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने आभार जताया।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि और वंदे मातरम् के गायन से हुई।

कार्यशाला में एमएलसी सलिल बिश्नोई, पूनम कपूर, महामंत्री अवधेश सोनकर, अभिनव दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, सीमा एमबीए, किरन तिवारी, जन्मेजय सिंह, प्रभाकर अवस्थी, चंद्रमणि चौबे, जीशान अहमद, यश जायसवाल और स्पर्श कटियार सहित सभी मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप