कश्मीर की बर्फीली वादियों में गूंजा ‘बिंदु-बिंदु सिंधु’
मुरादाबाद, 18 नवंबर (हि.स.)। । रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट (डीजीई) मुरादाबाद निवासी डॉ. काव्य सौरभ रस्तोगी के नेतृत्व में कश्मीर में आयोजित तीन दिवसीय ‘सिंधु लीडरशिप कॉन्क्लेव कश्मीर एडिशन’ उत्साह, आत्मीयता, नेतृत्व, नवाचार और सेवा के नए संकल्पों के साथ मंगलवार को संपन्न हुआ। इस विशेष आयोजन में डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख पदाधिकारियों, असिस्टेंट गवर्नर्स, भावी नेतृत्वकर्ताओं और रोटरी पार्टनर्स ने सहभागिता की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य आगामी रोटरी वर्ष 2027-28 के लिए एक सक्रिय, समन्वित और परिणामोन्मुख डिस्ट्रिक्ट टीम तैयार करना रहा।
कॉन्क्लेव का प्रथम दिवस कश्मीर की सांस्कृतिक परंपराओं और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच प्रारंभ हुआ। होटल द कंट्रीसाइड एवं होटल सोलर में कश्मीरी युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में अतिथियों का स्वागत किया। इसके पश्चात डल झील में ‘बिंदु-बिंदु सिंधु’ की पताकाओं से सजे शिकारों में भ्रमण ने सभी को रोमांचित किया। डेलीगेट्स ने ऐतिहासिक लाल चौक पर डीजीई डॉ. काव्य सौरभ रस्तोगी के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव व्यक्त किया। सायंकाल पदाधिकारियों को बैच प्रदान किए गए तथा संगीत और शानदार फेलोशिप के बीच दिन का समापन हुआ।
डिस्ट्रिक्ट चीफ एडवाइजर संजीव रस्तोगी ने नेतृत्व को पद और अधिकार से आगे बढ़कर सामूहिक जिम्मेदारी एवं सेवा का माध्यम बताया।
डीजीई डॉ. काव्य सौरभ रस्तोगी ने रोटरी वर्ष 2027-28 की दृष्टि और प्राथमिकताओं को प्रस्तुत करते हुए अपने थीम ‘बिंदु-बिंदु सिंधु’ का भाव स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक रोटेरियन का छोटा-सा प्रयास जब सामूहिक संकल्प से जुड़ता है, तो वह विराट सामाजिक परिवर्तन का आधार बनता है।
इस अवसर पर रो. सुशील साहू ने माई रोटरी तथा रो. मनोज बाजपेयी ने फाउंडेशन से संबंधित जिम्मेदारी स्वीकार की। कार्यक्रम समन्वयक रो. विवेक गर्ग तथा मेजबान रोटरी क्लब मेरठ शिवम की अध्यक्ष रो. वर्षा जैन, रो. प्रतीक जैन और उनकी पूरी टीम को सम्मानित किया गया। आयोजन में सहयोग देने वाले कश्मीरी सहयोगियों का भी अभिनंदन हुआ।
सेवा के नए अध्याय की शुरुआत :
डॉ. काव्य सौरभ रस्तोगी ने कहा कि ‘बिंदु-बिंदु सिंधु’ केवल एक थीम नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता और छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े सामाजिक परिवर्तन की कार्ययोजना है। आगामी रोटरी वर्ष में उनका प्रयास रहेगा कि डिस्ट्रिक्ट का प्रत्येक क्लब वास्तविक जरूरतों पर आधारित स्थायी परियोजनाओं के माध्यम से समाज में मापनीय और सकारात्मक परिवर्तन लाए।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल