सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत
हाथरस, 29 नवंबर (हि.स.)। सादाबाद के हाथरस रोड पर रविवार दोपहर हुए सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। युवक की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकराने के बाद सड़क की ओर आ रही नीलगाय से जा भिड़ी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए आगरा लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार थाना चंदपा क्षेत्र के गांव कछपुरा निवासी 28 वर्षीय रहीश खां पुत्र आसीन खां मैक्स गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। रविवार दोपहर वह अपनी मोटरसाइकिल से गांव कछपुरा से सादाबाद आ रहा था। जैसे ही उसकी बाइक हाथरस रोड स्थित मुन्नी देवी कोल्ड स्टोर के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से रहीश की बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क की ओर आ रही नीलगाय से जा टकराई। हादसे में रहीश खां गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटनास्थल के निकट ही गांव होने के कारण हादसे की जानकारी जल्द ही उसके परिजनों को मिल गई। परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए आगरा ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया है कि मृतक अपने पीछे एक मासूम बालिका को छोड़ गया है। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थाना प्रभारी ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना